तेज खबर 24 रीवा।
मध्य प्रदेश के रीवा जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहाँ एक यात्री बस ने बाइक सवार युवक को बेरहमी से कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
कोष्टा स्कूल के पास हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ब्रजेश विश्वकर्मा के रूप में हुई है। ब्रजेश गुढ़ थाना क्षेत्र के पुरवा गांव से रीवा के कोष्टा आया था। वह यहाँ एक तेरवी कार्यक्रम में शामिल होने आया था। कार्यक्रम से वापस लौटते समय कोष्टा स्कूल के पास एक तेज रफ्तार यात्री बस ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और उसे कुचल दिया।
अस्पताल पहुँचते ही मौत…
हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल ब्रजेश को तुरंत संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय रीवा ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुँचते ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुँची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। संजय गांधी अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बस चालक की तलाश सहित मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

